कानपुर देहात। मंगलपुर थाना क्षेत्र के झींझक कस्बे में छोटा चौराहा के पास सोमवार की रात एक हार्डवेयर की दुकान में अंग्रेजी शराब बेचते तीन लोगों को पुलिस ने पकड़ा है। इनके पास से नौ बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई है। कारोबार का सरगना मौके से भाग गया। पुलिस ने चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है।
झींझक कस्बे के छोटा चौराहा में कस्बा के दीपचंद्र की हार्डवेयर की दुकान है। सोमवार की रात पुलिस को सूचना मिली कि दुकान में अवैध रुप से शराब की बिक्री की जा रही है। दरोगा राजेश कुमार यादव ने पुलिस बल के साथ छापामारा तो हड़कंप मच गया। शराब लेने के लिए मौजूद ग्राहक तो भाग गए। कारोबार से जुड़े करियाझाला के धर्मेंद्र सिंह, आंबेडकर नगर झींझक के आलोक कुमार, फहीम व छोटा चौराहा झींझक के दीपचंद्र के नाम सामने आए। पुलिस ने चारो पर अवैध शराब बिक्री की रिपोर्ट दर्ज की।
दीपचंद्र पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। बाकी तीन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। करीब एक साल पहले भी पुलिस ने दुकान में छापामार कर अवैध शराब बरामद की थी। इंस्पेक्टर वीरपाल सिंह तोमर ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।