शिवली (कानपुर देहात)। देवीपुर गांव में रविवार को मिले ईंटों से सिर कुचले शव की शिनाख्त हो गई। मंगलवार को गणेशपुर की एक महिला ने पोस्टमार्टम हाउस में शव की शिनाख्त पति कैलाश नाथ (45) के तौर पर की। वह ट्रकों से मौरंग उतारने की मजदूरी करता था। किन्नर से शादी कराने की रंजिश में हत्या का आरोप लगाकर पत्नी ने देवीपुर के एक व्यक्ति पर नामजद व एक अज्ञात पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गणेशपुर की रहने वाली संगीता देवी ने पुलिस को बताया कि शनिवार शाम को पांच बजे पति को देवीपुर का रहने वाला शिवनारायण व उसका एक साथी बाइक से गहरा गए थे। वहां काम कर रहे पति को दोनों अपने साथ ले गए थे। रविवार को भी पति घर नहीं आया तो देवीपुर में शिवनारायण के घर गई थी, लेकिन वह नहीं मिला। बाद में गांव में एक शव मिलने की जानकारी हुई। इसपर पोस्टमार्टम हाउस गई। वहां पति का शव मिला। संगीता ने पुलिस को बताया कि शिवनारायण की दस दिन पूर्व शादी हुई थी। किन्नर से शादी कराने की रंजिश में हत्या का आरोप लगाया। दरोगा लक्ष्मण सिंह ने बताया कि रविवार को देवीपुर में ईंटों से सिर कुचलकर युवक की हत्या के मामले में शव की शिनाख्त हो गई है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर शिवनारायण व उसके अज्ञात साथी पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।