रसूलाबाद की गिहार बस्ती में छापामारी करती पुलिस।
- फोटो : AKBARPUR
रसूलाबाद (कानपुर देहात)। पंचायत चुनाव आरक्षण जारी होने के बाद अवैध शराब कारोबार करने वालों पर पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने शिकंजा कसना शुरू किया है। गुुरुवार को कस्बे की गिहार बस्ती में छापा मारकर दो घरों से 60 पाउच देसी शराब बरामद किया। छापे से पूर्व आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
आबकारी इंस्पेक्टर सूर्यकांत, साहिब सिंह पाल, कौशलेंद्र रावत व रसूलाबाद थाना के एसआई हासिक खान, देवेंद्र कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ थाने के बगल में गिहार बस्ती में छापामारा। यहां दो घरों से 60 पाउच अवैध शराब बरामद की गई। हालांकि, दोनों घरों से रहने वाले लोग फरार हो गए। बाद में टीम ने रसूलाबाद क्षेत्र के मॉडल शाप, अंगदपुर, कहिंजरी, लालू, असालतगंज आदि स्थानों पर अंग्रेजी व देसी शराब ठेकों में छापामारी की। ठेकों पर सब ठीक मिला। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि अवैध शराब के विरोध में लगातार छापामार कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों को चिह्नित कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।