कानपुर देहात। झींझक कस्बे से बुधवार को पांच वर्षीय बच्ची का अपहरण उसके पिता को उधार दी गई 70 हजार की रकम न लौटाने पर हुआ था। गुरुवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपियों ने बताया कि केवल रकम वापस करने का दबाव बनाने के लिए उसे साथ ले गए थे। परिजनों से कोई फिरौती नहीं मांगी गई।
पुलिस लाइन में शुक्रवार को घटना का खुलासा करते हुए एसपी केशव कुमार चौधरी ने बताया कि बच्ची के अपहरण की सूचना के बाद मंगलपुर पुलिस के अलावा स्वॉट टीम को लगाया गया था। टीमों ने कड़ी मशक्कत करके 24 घंटे में बच्ची को मिंडाकुआ के पास से सकुशल बरामद कर लिया। मौके से विशुनपुर टीला जिला कन्नौज के सानू पाठक उर्फ शिव प्रताप और अभिषेक पाठक उर्फ टीका को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद हुई है। वह बच्ची को कहीं सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कोशिश में लगे थे। एसपी के मुताबिक, आरोपी सानू पाठक ने बताया कि बच्ची अवनी के पिता अरविंद वर्मा मूल रुप से कन्नौज के निवासी हैं, उसके पड़ोसी हैं। उन्होंने सात साल पहले मां के इलाज के नाम पर 70 हजार रुपये उधार लिए थे। रकम वापस मांगने पर टरका रहे थे। गांव के ही साथी अभिषेक पाठक के साथ मिलकर उसकी बच्ची को अपने घर लाने की कोशिश कर रहा था। आरोपी ने पुलिस से कहा कि बच्ची के अपहरण की कोई नीयत नहीं थी केवल रुपये वापसी का दबाव बनाने के लिए ऐसा किया था। उसने कहा कि रुपये मांगने जाने पर अरविंद व उसके परिजन अभद्रता करते थे। वह बेहद खफा था। इसका बदला लेने के लिए वह बच्ची को ले गया था। ताकि वह बच्ची को लेने कन्नौज जाएंगे तो वहां वह अभद्रता करके बदला ले सकेगा। एसपी ने बताया कि बच्ची को सकुशल बरामद करने वाली टीम को दस हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया था। इस मौके पर एएसपी अनूप कुमार, सीओ डेरापुर आशा पाल सिंह, इंस्पेक्टर आमोद कुमार सिंह मौजूद रहे।