डेरापुर (कानपुर देहात)। थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी कैलाश नारायण उर्फ चुन्नू (46) की खेत पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव शीशम के पेड़ के पास मिला। पेड़ पर अंगौछे का फंदा मिला है।
सलेमपुर गांव निवासी कैलाश नारायण उर्फ चुन्नू खेतीबाड़ी करता था। शनिवार शाम को घर से फसल रखवाली के लिए खेत गया था। रविवार सुबह वह घर नहीं पहुंचा तो परिवारीजनों ने तलाश शुरू की। भाई राम सजीवन उसे खोजते हुए बालकृष्ण के खेत पर गया तो वहां मेड़ पर लगे पेड़ के पास कैलाश का शव पड़ा मिला। कैलाश के अंगौछे का एक सिरा पेड़ की डाल से बंधा मिला। दूसरा सिरा शव के ऊपर ऊंचाई पर लटक रहा था। यहां भीड़ जुट गई। पत्नी गीता देवी शव पर रोने बिलखने लगी। बहू सुमन देवी भाई रामसजीवन आदि परिजनों को रोता देखकर हर किसी की आंखें नम हो गई। मृतक के भतीजे शिवकुमार ने सूचना पुलिस को दी। दरोगा भागमल सिंह पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर साक्ष्य संकलित किए। दरोगा ने बताया कि भतीजे की तहरीर पर फौती दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम में मौत की वजह साफ होगी। पूछताछ में ग्रामीणों ने बताया कि कैलाश नशे का लती था।
कैलाश के तीन बेटों में रोहित सबसे छोटा है। राम सिंह व रूप सिंह उससे बड़े हैं। राम सिंह की जून में शादी हुई है। रूप सिंह व रोहित अविवाहित हैं। राम सिंह व रूप सिंह दोनों सूरत में हैं और प्राइवेट नौकरी कर रहे हैं। रोहित काम से कानपुर गया था। घर पर कैलाश की पत्नी गीता देवी व बहू सुमन थीं। पिता की मौत की खबर पर रोहित कानपुर से पहुंचा और रोने लगा।
कैलाश नारायण की मौत पर बिलखते परिजन।- फोटो : AKBARPUR