पुलिस गिरफ्त में फर्जी सूचना देने का आरोपी।
- फोटो : AKBARPUR
शिवली (कानपुर देहात)। क्षेत्र के नहरी बरी गांव के दो युवकों को शनिवार की देररात कानपुर के नवाबगंज थाने की पुलिस ने पकड़ लिया। इधर तीसरे भाई ने कंट्रोल रूम व थाना पुलिस को भाइयों के अपहरण की गलत सूचना दे दी। पुलिस पूरी रात हलाकान रही। इधर, एसपी भी रात में शिवली कोतवाली पहुंच गए। बाद में हकीकत पता चली तो पुलिस ने गलत सूचना देने वाले को गिरफ्तार कर लिया।
शनिवार की देररात बाघपुर चौकी क्षेत्र के नहरी बरी गांव निवासी आकाश ने सगे दो भाइयों का अपहरण किए जाने की सूचना यूपी-112 व कोतवाली पुलिस को दे दी। अपहरण की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी शुरू कराई। आनन-फानन में चौकी व कोतवाली का फोर्स मौके पर पहुंच गया। जानकारी पाकर कुछ देरबाद एसपी केशव कुमार चौधरी कोतवाली पहुंच गए। पूछताछ में आकाश पुलिस को गुमराह करता रहा। बाद में हकीकत सामने आने पर पुलिस ने राहत महसूस की। थाना प्रभारी वीरपाल सिंह ने बताया कि आकाश के भाइयों को कानपुर की नवाबगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध मानकर पकड़ा था। पुलिस पूछताछ के लिए उन्हें ले गई। आकाश ने अपहरण की गलत सूचना दे दी। गलत सूचना देने पर आरोपी पर शांति भंग की कार्रवाई की गई है।