पुलिस गिरफ्त में चोरी के आरोपी।
- फोटो : AKBARPUR
झींझक (कानपुर देहात)। मंगलपुर पुलिस ने बुधवार की रात झींझक-कंचौसी रोड पर मुठभेड़ के बाद कार सवार पांच पशु चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से तीन तमंचे और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। आरोपियों की कार सीज कर दी गई है।
बुधवार की रात मंगलपुर पुलिस को मुखबिर ने झींझक-कंचौसी रोड पर स्कार्पियो कार में मवेशी चोरों के योजना बनाने की सूचना दी। झींझक चौकी प्रभारी आनंद शर्मा, चौकी प्रभारी संदलपुर महेंद्र सिंह व चौकी प्रभारी कंचौसी उमेश चंद्र ने फोर्स के साथ घेराबंदी की तो कार सवारों ने फायरिंग कर दी। जिसमे पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए। बाद में पुलिस ने मंधना कानपुर निवासी समीर उर्फ जमील, शान मोहम्मद, जगदीशपुर शिवराजपुर निवासी अमजद उर्फ इलडा, जैतपुर चौबेपुर निवासी आरिफ व कार चालक उदैतपुर चौबेपुर निवासी पंकज यादव को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के पास से दो तमंचा 312 बोर, एक तमंचा 315 बोर, पांच कारतूस 315 बोर, एक खोखा 312 बोर, 3 आला नकब व 5130 की नगदी बरामद हुई। पकड़े गए चोरों ने पुलिस को मवेशी चोरी करने की रणनीति बनाने की बात बताई है। साथ ही 10 दिसंबर को रूरगांव से दो भैंस व एक पड़वा चोरी करने की घटना कबूली। थाना प्रभारी आमोद कुमार ने बताया कि कार सवार पांच पशु चोरों को पकड़ा गया है। आरोपियों के खिलाफ एक राय होकर चोरी की योजना बनाने, हत्या का प्रयास व अवैध शस्त्र अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
आरोपियों के पास से बरामद कार।- फोटो : AKBARPUR