कानपुर देहात। डीएम पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने वाले व्यक्ति पर कार्रवाई हो सकती है। सोमवार को डीएम की ओर से वीडियो क्लिप एसपी को भेजी गई है। इसमें डीएम के विरुद्ध भ्रामक और तथ्यहीन वीडियो बनाकर छवि धूमिल करने के लिए दुष्प्रचार करने पर कार्रवाई को लिखा गया है। साथ ही एडीएम वित्त एवं राजस्व के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है।
बता दें कि अकबरपुर निवासी कर्मेंद्र त्रिवेदी ने डीएम डॉ. दिनेश चंद्र पर अवैध खनन की शिकायत करने के दौरान अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाकर वीडियो क्लिप वायरल की थी। मामला डीएम के संज्ञान में आने पर सोमवार को वीडियो क्लिप एसपी को भेजी गई है। डीएम ने एसपी को जांच कर कार्रवाई के लिए लिखा है।
डीएम डॉ दिनेश चंद्र ने स्पष्ट किया है कि वीडियो वायरल करने वाले कर्मेंद्र त्रिवेदी ने मोहम्मदपुर गांव में खनन के लिए अनुमति ली थी। अनुमति की वैधता तिथि बढ़ाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। जिसे नियमानुसार निस्तारित कर दिया गया है। कहा कि इनके विरुद्ध वहां अवैध खनन की शिकायत मिली है। मामले में कार्रवाई न हो इस पर दबाव बनाने के लिए फर्जी आरोप लगाकर सोशल मीडिया पर क्लिप वायरल कर दी। वहीं, जांच के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व, एसडीएम भोगनीपुर और खनन निरीक्षक की तीन सदस्यीय संयुक्त टीम गठित की गई है। टीम को अवैध खनन के मामले में पैमाइश करके जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।