झींझक (कानपुर देहात)। कस्बे के किशौरा गांव स्थित दुकान में सेंध लगाकर चोरों ने वहां रखे एक लाख रुपये से भी अधिक कीमत के टायर ट्यूब व हजारों की नगदी पार कर दी। सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू की है।
मंगलपुर थाना क्षेत्र के किशौरा गांव निवासी कुलदीप गांव में झींझक-रसूलाबाद रोड किनारे दुकान में बाइक व ट्रक आदि के पंचर बनाने व नये टायर ट्यूब बेचने का काम करता है। रविवार रात दुकान बंदकर घर चला गया था। चोर रात में दुकान के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर घुस गए। दुकानदार कुलदीप ने बताया कि चोरों ने दुकान से 15,400 रुपये की नगदी, बाइक के 65 नये टायर व 50 ट्यूब तथा ट्रैक्टर व ट्रक के 25 ट्यूब पार कर दिए। जब सुबह उसने दुकान खोली तो अंदर सामान न देख सन्न रह गया और सूचना पुलिस को दी। मंगलपुर थाना के एसएसआई विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।