कानपुर देहात/रसूलाबाद। शिवली कोतवाली में तैनात एक सिपाही पर एक युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। दोनों अविवाहित हैं। युवती का आरोप है कि सिपाही को उसके गर्भवती होने की जानकारी मिली तो उसने बात करना बंद कर दिया। पुलिस ने सिपाही को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। आरोपी सिपाही सीओ रसूलाबाद के डाक रनर के रुप में काम कर रहा है।
2018 बैच का सिपाही करीब डेढ़ साल से शिवली कोतवाली में तैनात है। काफी समय वह भाऊपुर चौकी में रहा। इस दौरान वहां एक युवती से उसके प्रेम संबंध हो गए। युवती ने कहा कि प्रेम संबंध बनाने के बाद शादी का झांसा दिया। वह शारीरिक शोषण करने लगा। वह गर्भवती हो गई। जानकारी पर उसने बात करना बंद कर दिया। युवती की शिकायत के बाद सिपाही को शिवली इंस्पेक्टर ने हिरासत में लिया है। जबकि सिपाही ने युवती के साथ दोस्ती होने की बात कही। साथ ही उसने कहा कि युवती ने उसे बिरादरी की बता कर दोस्ती की थी। जब उसे पता चला कि वह अनुसूचित जाति की है। शादी के लिए परिजन तैयार नहीं होंगे।
युवती शादी का दबाव बनाने लगी। इस लिए उसने बात करना बंद कर दिया। इसी बीच सिपाही की ड्यूटी रसूलाबाद सीओ के डाक रनर के रुप में है। वह सीओ की डाक लेकर शिवली, माती आवागमन करता है। शिवली इंस्पेक्टर वीरपाल सिंह तोमर ने बताया कि युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। युवती गर्भवती होने की बात कह रही है। प्रथमदृष्टया प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। तहरीर के अनुसार रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
एक युवती ने रात में फोन करके परिजनों पर जबरन शादी कराने का आरोप लगाया था। अब सिपाही पर शारीरिक शोषण के आरोप लगाने की बात सामने आई है। मामले में छानबीन कराई जा रही है। निष्पक्ष रुप से कार्रवाई होगी-केशव कुमार चौधरी, एसपी