शिवली (कानपुर देहात)। रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा देकर तीन शातिरों ने एक युवक से चार लाख रुपये ठग लिए। शनिवार को एसपी के आदेश पर पुलिस ने तीनों पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू की है।
शिवली कोतवाली के रविंदरपुरम निवासी शिवनाथ ने एसपी केशव कुमार चौधरी से शिकायत की थी कि कानपुर नगर के सचेंडी के इटारा निवासी जगदीश कुशवाहा से परिचय था। बेटा नंदकिशोर की रेलवे बोर्ड, कोलकाता में टीटीई पद पर नौकरी लगवाने की सब्जबाग जगदीश ने दिखाया। वह जगदीश, उसकी बेटी नीतू कुशवाहा व नितेश ने नौकरी लगवाने के लिए चार लाख रुपये ले लिए। बाद में फर्जी ज्वाइनिंग लेटर थमा दिया।
ज्वाइनिंग करने जाने पर फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ तो ठगे जाने का अहसास हुआ। मामले में एसपी ने रिपोर्ट दर्ज करने का निर्देश दिया था। थाना प्रभारी वीरपाल सिंह ने बताया कि एसपी के आदेश पर पिता-पुत्री समेत तीन पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।