झींझक (कानपुर देहात)। मंगलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से इसी साल फरवरी माह में लापता किशोरी को पुलिस ने झींझक कस्बे से बरामद किया है। पूछताछ में उसने घर से नाराज होकर चंडीगढ़ जाने व वहां पर बिजनौर जिले के एक धर्म विशेष के युवक से मुलाकात में बाद निकाह कराने की बात बताई है। पुलिस ने किशोरी को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेजा है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी अनुसूचित जाति की पंद्रह वर्षीय किशोरी 15 फरवरी को घर से अचानक लापता हो गई थी। पिता की तहरीर पर मंगलपुर पुलिस ने अपहरण की रिपोर्ट दर्जकर किशोरी की तलाश शुरू की थी। विवेचक एसआई कौशल कुमार ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार रात झींझक रेलवे स्टेशन से किशोरी को बरामद कर लिया। पूछताछ में किशोरी ने पुलिस को बताया कि घर से नाराज होकर चंडीगढ़ चली गई थी। वहां उसे बिजनौर जिले का एक युवक मिला और अपने घर ले गया। इसके बाद उससे निकाह कर लिया और नाम भी बदल दिया। पुलिस रात में ही युवक को उसके घर से हिरासत में लेकर मंगलपुर थाने ले आई। एसआई कौशल कुमार ने बताया कि किशोरी के मेडिकल व बयानों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।