कानपुर देहात। कोतवाली अकबरपुर के बारा गांव में ट्रांसपोर्टर की हत्या के मामले में जेल से बाहर आने वाले पांच आरोपियों पर जान से मारने की धमकी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। ट्रांसपोर्टर के बेटे ने समझौते के लिए धमकाने का आरोप लगा शिकायत की थी। पुलिस अब जेल से बाहर आए आरोपियों की जमानत निरस्त कराने की कार्रवाई करेगी।
बारा गांव निवासी ट्रांसपोर्टर राकेश पाल की हत्या के आरोपियों पर फिर जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज हुई है। बता दें एक महिला के अवैध संबंधों का राज जानने व मिलने जाने के दौरान उसके प्रेमी से टोकाटाकी करने पर उनकी हत्या की गई थी। पुलिस ने तौफीक को हत्या करने व उसका सहयोग करने और साक्ष्य छिपाने में माता, पिता, भाई, भाभी व गांव के ही युवक नसीम को नामजद किया था। मुख्य आरोपी तौफीक को छोड़कर अन्य की जमानत हो गई है।
मृतक के बेटे व घटना में वादी शिवम पाल ने पुलिस को बताया था कि पांचों आरोपियों ने 30 सितंबर की रात उसके घर आकर समझौता के लिए धमकाया था। ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी थी। शुक्रवार को पुलिस ने जेल से बाहर आने वाले पांचों आरोपियों पर जान से मारने की धमकी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पीड़ित परिवार गांव छोड़कर चला गया है। इंस्पेक्टर तुलसीराम पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। उनकी जमानत निरस्त कराई जाएगी।