कानपुर देहात। अकबरपुर कोतवाली के मसोथा बंगला गांव के रहने वाले बारा से जिला पंचायत सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। दस दिन पहले गांव में झगड़े की सूचना पर पुलिस गई थी। तब ग्रामीणों के साथ मिलकर सदस्य ने आरोपी को पुलिस से छुड़ा लिया था। मंगलवार को गांव के कोटेदार की पत्नी ने एसपी से शिकायत कर आरोप लगाया था कि फाइनेंस कराकर जिला पंचायत सदस्य ने स्कॉर्पियो हड़प ली है। इस मामले की भी जांच हो रही है।
मसोथा बंगला गांव में विवाद की सूचना पर 14 जून को अकबरपुर कोतवाली से दरोगा ब्रजेश कुमार पुलिस बल लेकर पहुंचे थे। वहां पुलिस के सामने अभद्रता करने पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर कोतवाली जा रहे थे। तभी गांव के ही रहने वाले जिला पंचायत सदस्य राकेश कुमार यादव उर्फ कल्लू यादव ने ग्रामीणों के साथ मिलकर दारोगा से अभद्रता करके आरोपी को छुड़ा लिया था। इस पर दरोगा ने जिला पंचायत सदस्य पर पुलिस मुजहमत की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। मंगलवार की शाम पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को गांव के कोटेदार आदेश कुमार की पत्नी ऊषा देवी ने जिला पंचायत सदस्य पर स्कॉर्पियो फाइनेंस कराकर हड़पने का आरोप लगा एसपी अनुराग वत्स से शिकायत की थी। कोतवाल तुलसीराम पांडेय ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य का पहले से भी आपराधिक इतिहास है। उसे कोर्ट ने जेल भेज दिया है।