मृतक कप्तान सिंह का फाइल फोटो।
- फोटो : AKBARPUR
रसूलाबाद (कानपुर देहात)। लोहिया नगर में एक युवक ने बुधवार रात पेड़ पर अंगौछा के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह सफाई कर्मियों ने शव देख परिजनों को सूचना दी।
कप्तान कुशवाहा (30) पिकअप चालक था। बुधवार रात नीम के पेड़ में अंगौछे से फांसी का फंदा बनाकर उसने आत्महत्या कर ली। सुबह मोहल्ले में आए सफाई कर्मी अमर ने शव को पेड़ पर लटकते देख लोगों को जानकारी दी। परिजन घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारा। मृतक की पत्नी गुड्डी होली पर मायके नकटू भाऊपुर गई थी।
पति की मौत के बाद पत्नी व बेटा रौनक पहुंचा। मां बिट्टन देवी, भाई हरी सिंह, लल्ली सहित बहन शिवदेवी, रूबी, राजाबेटी बिलखते रहे। मां ने बताया कि लॉकडाउन में काम न मिलने पर वह सब्जी बेचने लगा था। थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय ने बताया कि आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
विवाहिता ने खुदकुशी की
मूसानगर के सिंगरसीपुर गांव में बुधवार की रात विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। संजीव सैनी ने बताया कि वह पिता रामचंद्र सैनी से अलग परिवार के साथ रहता है। मां की तबियत खराब होने के कारण कई दिनों से खाना उसकी पत्नी लक्ष्मी (35) एक साथ बना रही थी। वह परिवार के साथ किसानी करता है। बुधवार की शाम वह पत्नी के साथ पिता के यहां गया था। वहां पत्नी ने खाना बनाया और रोज की तरह घर चली आई। वह खाना खाने के बाद टिफिन में खाना लेकर आया तो दरवाजा बंद था। पत्नी को आवाज लगाता रहा, वह नहीं बोली। खिड़की से झांक कर देखा तो लक्ष्मी कमरे में कुंडे से साड़ी के सहारे लटक रही थी। किसी तरह दरवाजा तोड़कर वह अंदर पहुंचा। उसे नीचे उतारा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतका के पिता सुरेश सैनी परिजनों के साथ पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुत्री लक्ष्मी की शादी 10 वर्ष पूर्व हुई थी। उसके पांच वर्ष की बेटी तनु और डेढ़ वर्ष का बेटा छोटू है।