कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में करीब 34 करोड़ के स्पोर्ट्स फंड से निर्माणाधीन अत्याधुनिक क्रिकेट स्टेडियम का कार्य लगभग पूरा हो गया है। इसे बीसीसीआई के मानक के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। यहां पर नवंबर से क्रिकेट की प्रतियोगिताएं आयोजित किया जाएंगी।
करीब 10 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस स्टेडियम में क्रिकेट पिच, पवेलियन, खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम, अंपायर व स्कोरर कक्ष के साथ मीडिया बॉक्स और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की गईं हैं। मैदान में ड्रेनेज सिस्टम भी लगाया गया है, जिससे बारिश के बाद मैदान को जल्द खेलने योग्य बनाया जा सकेगा। स्टेडियम में लाल मिट्टी के सात सेंट्रल विकेट तैयार किए जा रहे हैं। इससे पहले टाटमिल स्थित जेके रेलवे क्रिकेट मैदान में लाल मिट्टी का विकेट तैयार हुआ है। शारीरिक शिक्षा क्रीड़ा विभाग के विभागाध्यक्ष श्रवण कुमार ने बताया कि स्टेडियम के निर्माण का पूरा कार्य हो गया है। सिर्फ रोलिंग और घास को बराबर करने का कार्य चल रहा है। यह अक्तूबर में पूरा हो जाएगा। खिलाड़ियों के लिए स्टेडियम नवंबर से चालू हो जाएगा। शहर के खिलाड़ियों से दो हजार रुपये फीस लगेगी। सीएसजेएमयू और उससे संबद्ध कॉलेजों के खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए एक हजार का शुल्क देना होगा।
रणजी ट्रॉफी के खेले जा सकते मैच
अक्तूबर से ग्रीनपार्क के जीर्णोद्धार और कमला क्लब के भविष्य में टूटने से सीएसजेएमयू का स्टेडियम नया विकल्प होगा। यहां रणजी ट्रॉफी, कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी, कूच बिहार ट्रॉफी सहित महिला क्रिकेट के घरेलू मुकाबले हो सकते हैं।