कानपुर देहात। जिले में सांसद व विधायक खेल स्पर्धा करवाने को लेकर बुधवार को कलक्ट्रेट परिसर में बैठक हुई। इसमें एडीएम प्रशासन अमित कुमार ने जिम्मेदारों को प्रतियोगिताओं में महिला सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने जिम्मेदारों को खेल प्रतियोगिताओं में बालिकाओं के लिए प्रेरणादायी वातावरण तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में एडीएम ने खेल विभाग व युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों को सांसद व विधायक खेल स्पर्धा को लेकर विस्तृत निर्देश दिए। कहा कि खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन में पारदर्शिता, प्रतिभा चयन की निष्पक्ष प्रक्रिया एवं समान अवसर दिया जाए। प्रतिभाशाली युवाओं की खोज एवं प्रोत्साहन के उद्देश्य से प्रत्येक विधानसभा स्तर पर प्रतियोगिता कर खिलाड़ियों को जिला स्तर प्रतियोगिता में शामिल किया जाए।
खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का माध्यम हैं। इन स्पर्धाओं के माध्यम से ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा। जिससे जिले में खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी। बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला एवं बालिकाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
प्रत्येक खेल आयोजन में महिला खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा बालिकाओं को प्रोत्साहन एवं सुरक्षा की दृष्टि से जरूरी व्यवस्थाएं की जाएंगी। एडीएम ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से इन स्पर्धाओं को जनपद स्तर पर खेल महोत्सव का रूप दिया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सांसद व विधायकों से नियमित संपर्क करें। जिससे आयोजन समयबद्ध व सफलतापूर्वक हो सके। इस दौरान जिला क्रीड़ाधिकारी नीलम सिद्दीकी सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।