फतेहपुर जिले के औंग क्षेत्र की एक सरिया फैक्ट्री में बुधवार भोर करीब साढ़े चार बजे ओवरहेड क्रेन गिरने से शिफ्ट इंचार्ज की मौत हो गई, जबकि दो कर्मचारी घायल हो गए। जिनका कानपुर में इलाज चल रहा है।
क्षेत्र के गुधरौली गांव में पैनम लोहा फैक्ट्री है। फैक्ट्री की सरिया रोलर मशीन बिगड़ गई थी। मशीन को बाहर निकालने के लिए एक ओवरहेड क्रेन पटरी से गुजर रही थी। भार अधिक होने के कारण पटरी चटक गई।
पटरी का एक हिस्सा और ओवरहेड क्रेन करीब 15 फीट की ऊंचाई से फर्श पर आकर गिर गए। हादसे में शिफ्ट इंचार्ज ज्ञान प्रकाश गुप्ता (42) निवासी तपाई जिला कुशीनगर और कर्मचारी कानपुर अकबरपुर निवासी राजकुमार (फिटर) पुत्र शिवराम व कल्यानपुर थाने के हरबंशपुर गांव निवासी शिवपूजन (सहायक) चपेट में आ गए।
पटरी के नीचे दबने से ज्ञान प्रकाश के दोनों पैर वहीं कट गए थे। मशीन से पटरी को हटाकर तीनों को बाहर निकाला गया। फैक्ट्री की वैन से तीनों को कानपुर के नर्सिंग होम लेकर गए। जहां डाक्टर ने ज्ञान प्रकाश को मृत घोषित कर दिया।