फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: हाईटेंशन लाइन का तार गिरने से किसान जिंदा जला, बचाने में पत्नी की भी मौत

Tue, 28 Jul 2020 10:05 AM IST
प्रभापुंज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, फतेहपुर
विज्ञापन
घटना के बाद मौके पर लगी भीड़ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
फतेहपुर जिले में खागा के गढ़ा ग्राम पंचायत के मजरा नरौली में सोमवार की रात हाईटेंशन लाइन युवक के ऊपर गिर गई और वह जलने लगा, तभी पति को जलता देखा, पत्नी बचाने को दौड़ी और वह भी करंट की चपेट में आ गई। दोनों की मौके पर मौत हो गई। सुबह आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने नहीं दिया।
विज्ञापन


फोन पर अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये मुआवजा दिलाने की बात कही, तब ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ और पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। किशनपुर थाना क्षेत्र के नरौली निवासी उमेश निषाद उर्फ बचनी (40) पुत्र स्व उदयभान अपनी पत्नी रन्नो देवी (35) व दो पुत्र रितेश (12) व आकाश (6)  के साथ रहता था।

परिवार का गुजर-बसर करने के लिए उसने घर में ही किराना की दुकान खोल रखी थी। उसके घर के ऊपर से हाईटेंशन लाइन निकली है। रात करीब साढ़े बारह बजे तारों में फाल्ट हुआ तो चिंगारी उसकी दुकान के छप्पर पर गिरने लगी। यह देख उमेश छप्पर बचाने के लिए ऊपर पड़ी तिरपाल को डंडे से दुरुस्त करने लगा।
विज्ञापन

तभी एक तार टूटकर उसके ऊपर गिर गया। इससे वह जलने लगा। चीख सुनकर पत्नी रन्नो देवी ने उसे पकड़कर बचाने का प्रयास किया तो वह भी झुलस गई। दोनों की मौके पर मौत हो गई। यह मंजर देख पूरे गांव में कोहराम मच गया। सुबह इसकी खबर पुलिस को मिली तो वह मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठने नहीं दिया।

ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और बताया कि बिजली विभाग की लापरवाही से आए दिन हादसे होते हैं। लोगों ने उमेश के परिजनों को मुआवजा दिलाने और हाईटेंशन लाइन गांव के बाहर से शिफ्ट किए जाने का मुद्दा उठाया। दोपहर तक जब कोई अधिकारी नहीं पहुंचा तो स्थानीय अधिकारियों से फोन पर बात की।

पीड़ित परिवार को विद्युत दुर्घटना योजना से पांच लाख रुपये दिए जाने की बात कही गई। विद्युत वितरण खंड तृतीय के अधिशासी अभियंता मेघ सिंह ने बताया कि विभाग की ओर से 20-20 हजार रुपये तत्काल दिए जाएंगे। जांच के बाद नौ लाख साठ हजार रुपये आश्रितों को मिलेगा। एसओ किशनपुर पंधारी सरोज ने बताया कि भाई राजेश निषाद की ओर से घटना की सूचना दी गई है।
विज्ञापन

नरौली गांव में घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण
ग्राम सभा गढ़ा के मजरे नरौली में सोमवार रात हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दंपति की मौत बिजली विभाग के लिए गंभीर मसला नहीं था। तभी तो इतने बड़े हादसे के बाद भी विभाग का कोई अफसर घटनास्थल पर नहीं पहुंचा। सुबह पांच बजे से दोपहर 12 बजे तक पुलिस, स्थानीय जनप्रतिनिधि ही ग्रामीणों को शांत करने में जुटे रहे।

एक्सईएन तृतीय मेघ सिंह ने घटना की जानकारी होने की बात तो कही, लेकिन जब मौके पर अधिकारियों के न जाने की बात पूछी गई तो वह शांत हो गए। उन्होंने तर्क दिया कि सहायक अभियंता व अवर अभियंता मुआवजे का चेक बनवाने में व्यस्त थे।

इसलिए मौके पर नहीं पहुंच सके। चेक बनकर दोपहर में तैयार हुई है। थाने में जाकर परिजनों को दिया। ग्रामीणों को शांत कराने के लिए किसान नेता नरसिंह पटेल मौके पर पहुंचे। तहसीलदार खागा भी टीम के साथ पहुंचे और जांच कर उचित मदद का आश्वासन दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें