भूकंप के झटकों से सोमवार को कई मोहल्लों में मकानों में दरारें आ गईं। कई निर्माणाधीन मकान भी क्रेक होने की सूचना है। भूकंप की वजह से सनिगवां क्षेत्र के एक मकान की छत, दीवार और छज्जे पर बीचोंबीच दरार आ गई। उसमें रह रहे लोग जान बचाकर बाहर भागे।
मोहल्ले वालों की मदद से क्षतिग्रस्त दीवारों पर बल्लियां और ईटे लगाकर सपोर्ट दिया गया। इसी तरह जेके कालोनी निवासी युग दधीचि देहदान अभियान के प्रभारी मनोज सेंगर के मकान की छत और दीवार में दरार आ गई।
मनोज सेंगर ने बताया कि जिस समय भूकंप आया, उस समय वे बाहर थे। घर लौटने पर कमरे की दीवार और छत पर दरार नजर आई। कंघीमोहाल, कर्नलगंज, कुलीबाजार में पुराने जर्जर मकानों में दरार आने की सूचना है।
उधर, श्रीनगर (चमनगंज) में 25 दिन पहले जिस छह मंजिला अवैध इमारत में दरार आई थी। भूकंप से उसकी पहली और दूसरी मंजिल में दरार बढ़ गई।