कानपुर। महाराजपुर थानाक्षेत्र में सराफ भोलेंद्र चंद्र की दुकान में 33 लाख की चोरी के खुलासे से नाखुश उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष महेश वर्मा, महामंत्री रजत पांडेय की अगुवाई में व्यापारियों ने शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल से मुलाकात की। जेवरों का सत्यापन न कराने पर थानेदार से नाराजगी जताई।
पीड़ित ने बताया कि चोरी में 15 किलो 400 ग्राम चांदी, 70 ग्राम सोना और 65 हजार नकदी चोरी हुई थी। सीपी ने डीसीपी पूर्वी को निर्देश दिए कि न्यायालय से अनुमति लेकर व्यापारी से माल की शिनाख्त कराई जाए। पीड़ित ने कहा कि ज्वैलरी पर यूनिक आईडी होने के कारण माल की पहचान तुरंत हो जाएगी। सीपी ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों से आमने-सामने मिलाकर मिले सामान की पुष्टि भी कराई जाएगी। व्यापारियों ने कहा कि अगर तीन दिन के भीतर कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला तो संगठन के मुखिया प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में डीजीपी और मुख्यमंत्री से गुहार लगाएंगे।