पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से एक शातिर बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। घायल बदमाश 30 जुलाई को हुई गोकशी की घटना में शामिल था।
क्राइम सीन पर मौजूद पुलिसकर्मी
- फोटो : amar ujala
चेकिंग देखकर भागने की कोशिश में फिसली बाइक
मामले की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शुक्रवार देर रात अजीतमल पुलिस टीम प्रतापपुर अंडरपास के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अजीतमल कस्बे की तरफ से एक बाइक पर दो संदिग्ध आते दिखे। पुलिस टीम ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो वे कट मारकर भागने लगे। इसी हड़बड़ाहट में ब्रेकर के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई।
घिरता देख पुलिस टीम पर झोंका फायर
खुद को पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा, जबकि उसका साथी मौके से भागने में सफल रहा।
30 जुलाई की गोकशी की घटना में था शामिल
पुलिस ने जब घायल बदमाश को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपना नाम मनोज निवासी गांव रतनीपुर, थाना अजीतमल बताया। पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी मनोज अपने फरार साथी 'राजा' के साथ मिलकर बीती 30 जुलाई को हुई गोकशी की वारदात में शामिल था।
अवैध असलहा व बाइक बरामद
पुलिस ने घायल बदमाश के पास से एक तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने तत्काल घायल बदमाश को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार बदमाश राजा की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।