डेरापुर। नुनारी व जलिहापुर गांव में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड की ओर से 11 लाख 80 हजार रुपये की लागत से गोशाला बनवाई जा रही है। इससे किसानों कोे छुट्टा मवेशियों से राहत मिलेगी। गोआश्रय स्थल में पेयजल व प्रकाश की व्यवस्था गांव पंचायत निधि से कराई जाएगी।
एसडीएम दीपाली भार्गव ने बताया कि इंडियन ऑयल कारपोरेशन लिमिटेड टूंडला-गौरिया पाइप लाइन परियोजना के तहत आगरा जनपद के टूंडला कस्बे से सात जनपदों से होती हुई कानपुर नगर के नरवल गौरिया केंद्र तक 253 किमी पाइप लाइन बिछाने का कार्य कर रही है। यह डेरापुर के बनीपारा महाराज, बनीपारा जिनई, बनीपारा जौहर, बचीत पुरवा व देवकीपुरवा सहित छह गांवों से निकल रही है। उन्होंने इंडियन ऑयल कंपनी के महाप्रबंधक भूपेंद्र कुमार से कंपनी की ओर से छुट्टा मवेशियों से किसानों की फसलों को बचाने के लिए दो गोआश्रय निर्माण कराने का आग्रह किया था। दो दिसंबर को महाप्रबंधक ने टीम के साथ डेरापुर तहसील पहुंचकर नुनारी एवं जलिहापुर गांव में 11 लाख 80 हजार रुपये की लागत से दो गोआश्रय स्थल निर्माण कराने का अनुबंध सौंपा था। कंपनी ने निर्माण के लिए गांव पंचायतों को 40 प्रतिशत धनराशि उपलब्ध करा दी थी। शेष धनराशि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद देने की बात की थी। जलिहापुर में निर्माण कार्य पूरा हो गया। नुनारी का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। कंपनी ने निर्धारित समय पर पूरी धनराशि उपलब्ध करा दी है। वहां पेयजल एवं प्रकाश की व्यवस्था गांव पंचायत कराएगी।