कानपुर देहात। बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए नबीपुर स्थित केंद्रीय विद्यालय में सौ बेड का आक्सीजनयुक्त कोविड अस्पताल बनकर तैयार हो गया। अस्पताल में तीन डॉक्टरों व अन्य स्टाफ की ड्यूटी लगा दी गई है। अब संक्रमितों को यहां भी भर्ती कर उपचार दिया जाएगा।
जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या तीन हजार के पार हो गई। मरीजों को अभीतक एल- वन व एल- टू अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जाता था। बुधवार को डीएम जेपी सिंह के निर्देश पर सौ बेड का अस्पताल तैयार कर दिया गया है। डीएम ने दो सौ बेड का अस्पताल बनाए जाने के निर्देश दिए थे। हालांकि इसपर काम किया जा रहा है। फिलहाल सौ मरीजों को एक साथ भर्ती कर उपचार किया जा सकता है। सीएमओ के निर्देश पर डॉ. राजीव शेखर, डॉ. गौरव कटियार, डॉ. आकाश कुमार सिंह तथा स्टाफ नर्स मुन्नी देवी, उषा कुमारी, नीलू वर्मा व फार्मासिस्ट संजय अग्रवाल, भगवान सिंह सहित 15 स्वास्थ्य कर्मियों की टीम लगाई गई है।
केंद्रीय विद्यालय में सौ बेड का अस्पताल तैयार हो गया है। डीएम के निर्देश पर सौ और बेड तैयार किए जा रहे हैं। जल्द वह भी बन जाएगा। अब यहां भी कोविड मरीजों को भर्ती किया जाएगा। डॉ राजेश कटियार, सीएमओ