यूपी के कानपुर महानगर के बिधनू में भाई-बहन का रिश्ता तार-तार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। बिधनू के एक गांव में रविवार देर रात नशे में धुत युवक ने छह वर्षीय ममेरी बहन के साथ दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर गांव वाले दौड़े तो आरोपी ने बच्ची को गला दबाकर मारने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने घेरकर उसे पकड़ने के बाद पुलिस को सौंप दिया।
थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले मजदूर के मुताबिक रविवार को वह पत्नी और बड़ी बेटी के साथ खेत में गेहूं काटने गया था। छह साल की छोटी बेटी घर के बाहर चारपाई पर सो रही थी। देर रात मझावन निवासी रिश्ते का भांजा नीरज वर्मा नशे में धुत होकर घर आया।
घर पर किसी को न पाकर वह सो रही छोटी बेटी को उठाकर गांव के बाहर ले गया और बलात्कार किया। उसे पीटा भी। बेटी ने शोर मचाया तो गला दबाकर मारने की कोशिश की। शोर-शराबा सुनकर गांव वाले वहां पहुंच गए और उसे पकड़ लिया। थाना प्रभारी का कहना है कि पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की गई है। बच्ची को मेडिकल के लिए भेजा जाएगा।