कानपुर। बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों के विरोध में मंगलवार को कई वार्डों के पार्षदों ने नगर निगम जोन-5 के जोनल कार्यालय में हंगामा किया। पार्षदों ने स्ट्रीट लाइटेें ठीक कराने, खराब बदलने सहित अन्य मांगें उठाते हुए नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया।
वार्ड-51 के पार्षद सुधीर यादव, 58 के अनिल यादव, 48 की सरोज नीरज चड्डा व कई अन्य मंगलवार दोपहर गोविंदनगर स्थित जोनल कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करने लगे। पार्षद सुधीर यादव फाइलों वाली टेबल पर बैठकर माइक से नगर आयुक्त मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। हंगामा होते देख जोनल अधिकारी अनुपम त्रिपाठी आ गए। सुधीर यादव ने बताया कि अधिक स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। मुख्य मार्ग सचान गेस्ट हाउस से शास्त्री चौक तक सिर्फ आठ से दस लाइटें ही जल रही हैं। वार्ड-51, 48, 58 समेत अन्य क्षेत्रों से लगातार शिकायतें आ रही हैं। जेई से शिकायत के बाद भी सुधार नहीं हुआ। आरोप लगाया कि लाइट ठीक करने के लिए आने वाले कर्मचारी तार और स्विच के नाम पर रुपये की मांग करते हैं। पार्षदों ने जेई आशुतोष कुमार के कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। पार्षदों ने चेतावनी दी कि अगर 24 घंटे के भीतर समाधान नहीं हुआ तो जन आंदोलन और प्रदर्शन करेंगे। जोनल अधिकारी ने काफी देर समझाकर माहौल शांत कराया।