कानपुर। दिल्ली से लापता किशोरी की तलाश में किदवईनगर थानाक्षेत्र में दिल्ली पुलिस ने छापा मारा। पुलिस पार्षद की मदद से एक घर पहुंची, जहां दूसरे समुदाय के आरोपी को गिरफ्तार कर किशोरी को ढूंढ निकाला गया। इस दौरान जब पता चला कि आरोपी दूसरे समुदाय का है, तो पार्षद ने लव जिहाद का आरोप लगाया।
इस पर इलाके के रहने वाले कुछ लोगों ने उनपर हमला कर दिया। किसी तरह बचकर पार्षद दर्जनों साथियों के साथ किदवईनगर थाने पहुंचे और धरना देकर हंगामा शुरु कर दिया। पार्षद की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
किदवईनगर इंस्पेक्टर धर्मेंद्र राम ने बताया कि दिल्ली के नरेला इलाके से एक किशोरी लापता हो गई थी। उसके परिजनों ने वहां के थाने में एक युवक पर बहलाकर अपहरण कर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार को दिल्ली पुलिस किशोरी की मां के साथ किदवईनगर पहुंची।
थाने में आमद कराते हुए किशोरी और युवक की लोकेशन क्षेत्र में मिलने की बात कही। संपर्क के लिए स्थानीय पार्षद हरि स्वरूप तिवारी निक्कू से संपर्क किया गया जो लोकेशन के आधार पर लोहे वाले पार्क के पास स्थित मुन्ना फर्नीचर के मकान में ले गए। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ते हुए किशोरी व युवक को ढूंढ निकाला।
पार्षद ने आरोप लगाया कि जिस घर से किशोरी बरामद हुई, वहां कई लोग अवैध रूप से रह रहे हैं। पुलिस की सहायता करने पर वहीं के मुसर्रफ अली व उसके पुत्र असद अली ने उनसे अभद्रता की। शर्ट का कॉलर पकड़ते हुए अंजाम भुगतने की धमकी दे डाली।
इसके बाद अन्य साथियों के साथ पिटाई कर दी। इसके बाद समर्थकों के साथ किदवईनगर थाने पहुंचकर पार्षद ने हंगामा किया। सांसद ने भी किदवईनगर पुलिस को फोन किया। इसके बाद दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।