कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में छिवली बार्डर के पास शनिवार को एसटीएफ कानपुर यूनिट ने चेकिंग के दौरान हरियाणा से दो कंटेनरों में रखकर बिहार ले जाई जा रही तीन करोड़ की शराब पकड़ी। मौके से कंटेनर चालक डुलमा, मरेर, कोटला संगरूर पंजाब निवासी करमवीर सिंह भाग निकला।
दबोचे गए दूसरे कंटेनर के चालक लोहाट बद्दी, रायकोट, लुधियाना निवासी अवतार सिंह उर्फ गोगा से पूछताछ की गई। इस पर पता चला कि दवाइयों और मेडिकल उपकरणों की सप्लाई की आड़ में शराब तस्करी का खेल चल रहा था। सीओ एसटीएफ तेज बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों कंटेनरों से हरियाणा की अंग्रेजी शराब (अलग-अलग ब्रांड) की 2083 पेटियां बरामद हुईं हैं। चालक अंकुर ड्रग एंड फार्मा के नाम से बने दस्तावेज दिखाकर पुलिस को चकमा दे रहे थे। कुछ पर्चों में मेडिकल उपकरण लोड करने का स्थान फजलगंज भी लिखा है। वहीं एक बिल्टी भी मिली है, जिसमें फजलगंज (जहां के लिए मॉल लादा गया) का पता लिखा था, जिसे पानीपत हरियाणा से लाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान महाराजपुर थाने के एसओ राघवेंद्र सिंह समेत बीस पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।