भारत बायोटेक की स्वदेशी कोरोना वैक्सीन 'कोवैक्सिन' को ड्रग कंट्रोलर ऑफ इंडिया की मंजूरी मिल गई है। कानपुर के प्रखर अस्पताल में तीन चरणों में 1075 शहरियों ने कोवैक्सीन की डोज ली थी।
बता दें कि कोरोना से बचाव के लिए लगाई जाने वाली वैक्सीन का पूर्वाभ्यास (ड्राई रन) मंगलवार को होगा। इसके लिए जिले में छह स्थल चिन्हित किए जाएंगे। इनमें तीन स्थल शहर में होंगे और तीन स्थल ग्रामीण क्षेत्र के चयनित किए जाएंगे।
सीएमओ डॉ. अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि इस संबंध में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की रविवार को बैठक होगी। इसमें सारी कार्ययोजना तय कर ली जाएगी। कोरोना वैक्सीनेशन के अभियान को पूरी गति से संचालित किए जाने के मद्देनजर शहर को भी ड्राई रन में शामिल कर लिया गया है।
सीएमओ डॉ. मिश्रा ने बताया कि इसमें वैक्सीन लगाने का पूर्वाभ्यास किया जाएगा जिससे वैक्सीनेशन के दिन किसी तरह की दिक्कत न होने पाए। इसमें अभियान में लगे सारे लोगों को शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य आदि विभागों का समन्वय बनाया जाएगा।