कानपुर में गुरुवार को भेजे गए आठ जमातियों के सैंपल जांच में कोरोना निगेटिव पाए गए हैं। ये सैंपल बरीपाल और मछरिया में कोरोना संक्रमित जमातियों के संपर्क में आए लोगों के हैं। इसके अलावा छह अन्य कोरोना संदिग्ध लोगों के सैंपल हैं।
ये सभी लोग रामा मेडिकल कालेज मंधना और नारायणा रिसर्च हॉस्पिटल के क्वारंटीन हाउस में रह रहे हैं। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद भी इन लोगों को क्वारंटीन की अवधि पूरी होने के बाद घर जाने दिया जाएगा।
मछरिया, बाबूपुरवा, पटकापुर, कर्नलगंज, बरीपाल घाटमपुर आदि क्षेत्रों में कोरोना संक्रमित जमातियों के गश्त करने के दौरान इनके संपर्क में आने वालों को ढूंढ-ढूंढकर सेहत की जांच कराकर क्वारंटीन में रखा जा रहा है।
गुरुवार और शुक्रवार को जमातियों के संपर्क में आने वाले कुल 14 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इनमें आठ की रिपोर्ट जारी कर दी गई है। कर्नलगंज के एक 25 साल के जमाती को हैलट के कोरोना वार्ड में रखा गया है। इसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है लेकिन उसे क्वारंटीन में रखा गया है। अगर लक्षण उभरते हैं तो उसकी जांच दुबारा कराई जाएगी।