उत्तर प्रदेश के कानपुर में जून महीने में कोरोना ने लोगाें को तेजी से शिकार बनाया है। इसके बावजूद कोरोना का कम्युनिटी स्प्रेड (सामुदायिक संक्रमण) का स्तर पता लगाने के लिए कराई जा रही सैंपलिंग की रफ्तार कछुआ चाल से आगे बढ़ रही है। अप्रैल और मई की तरह ही जून में भी धीमी रफ्तार से सैंपलिंग चल रही।
इस महीने केवल 9 जून को अधिकतम 555 सैंपल लिए गए। इसके पहले और बाद में पांच सौ का आंकड़ा पार नहीं हुआ। यह हाल तब है जब जून के 13 दिनों में ही कोरोना के 313 मरीज मिले हैं। पहली जून को संक्रमितों की संख्या 372 थी जो 13 जून को बढ़कर 685 हो गई। लॉकडाउन में ढील और परदेस से प्रवासियों की भीड़ आने से कोरोना काफी बलवान हुआ है।