कोरोना वायरस (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : PTI
उत्तर प्रदेश में कानपुर ओईएफ, फूलबाग के कर्मचारी (33) की शुक्रवार को हैलट में कोरोना से मौत हो गई। वह 23 जून को हैलट में भर्ती हुए थे। उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर भी रखा गया लेकिन शुक्रवार दोपहर मौत हो गई।
अभी तक हैलट में मरने वाले कोरोना संक्रमित रोगियों में वह सबसे कम उम्र के रहे हैं। कर्मचारी प्रेमनगर, शुक्लागंज निवासी थे। बहन और मां की रिपोर्ट भी शुक्रवार को पॉजिटिव आई। इन्हें उन्नाव के कोविड एल-1 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
उनके परिचितों ने बताया कि कुत्ते के काटने पर उन्हें चार दिन पहले सिविल लाइंस के एक अस्पताल में भर्ती किया गया था। बाद में उन्हें जुकाम, खांसी, गले में खराश और सांस में दिक्कत सरीखे लक्षण उभर आए।
इस पर जांच कराई गई तो कोरोना रिपोर्ट पॉजीटिव आई। इस पर उन्हें हैलट के न्यूरो साइंसेस के कोविड अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। वह तीन दिन से हैलट के कोविड अस्पताल में भर्ती रहे।
परिजन दिन भर उनकी स्थिति को लेकर परेशान रहे। उनमें डायबिटीज, हाइपरटेंशन आदि रोग नहीं रहे। सिर्फ कोरोना के लक्षण रहे हैं। बताया जा रहा है कि वह सेप्टिक शॉक की स्थिति में अस्पताल में भर्ती हुए थे।