सीएम योगी ने कहा-कानपुर के हालात ठीक नहीं
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने (अब तक 57) की वजह से सोमवार से न तो सरकारी और न अर्ध सरकारी कार्यालय खुलेंगे। 20 अप्रैल से कार्यालय, इंडस्ट्री खोलने का जो फैसला लिया गया था, उसे कानपुर के हालात देखते हुए निरस्त कर दिया गया है। सिर्फ आवश्यकता वाले कार्यों से जुड़े विभागों में काम होगा।
अब लॉकडाउन को और सख्त किया जाएगा। रेड जोन एरिया में रोजाना 200 लोगों की कोरोना टेस्टिंग कराने का भी निर्देश जारी किया गया है। रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी जिला अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से वार्ता की, जिसमें कानपुर की स्थिति को गंभीर बताते हुए उन्होंने यहां और कड़ाई से लॉकडाउन का पालन करवाने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी डॉ ब्रह्मदेव राम तिवारी ने बताया कि लॉकडाउन में व्यवस्थाएं पहले की तरह रहेंगी। रेड जोन और हॉटस्पॉट एरिया में किसी भी तरह की कोई भी दुकान नहीं खुलेगी। सिर्फ डोर टू डोर ही वस्तुओं को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। पूरे क्षेत्र को सैनिटाइज करने का निर्देश दिया गया है।