कानपुर में कोरोना से मरे कर्नलंगज के कारोबारी के खानदान के करीब डेढ़ सौ लोगों पर संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है। अब उनके रिश्तेदार जांच में संक्रमित निकल रहे हैं। रविवार को सिविल लाइंस से सटे ग्वालटोली थाना क्षेत्र में रहने वाली भांजी, कर्नलगंज में रहने वाले भांजे, बहन, एक कर्मचारी और दो रिश्तेदार समेत छह लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।
इसके पहले भी एक लड़की और महिला में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। माना जा रहा है कारोबारी की बीमारी के दौरान ये लोग उन्हें देखने आए थे और वे भी संक्रमण के चपेट में आ गए। कारोबारी के परिचितों का कहना है कि उनका खानदान बहुत बड़ा है।
उसमें डेढ़ सौ से अधिक लोग होंगे। स्वास्थ्य विभाग अब यह पता करने में जुट गया है कि कारोबारी की बीमारी के दौरान उन्हें कौन-कौन देखने आया। इसके अलावा ग्वालटोली में रहने वाली भांजी के संपर्क में आने वाले लोगों की भी तलाश की जा रही है।