उत्तर प्रदेश के फर्रूखाबाद में शनिवार सुबह आई रिपोर्ट में दो प्रवासियों सहित चार कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। फर्रुखाबाद के मोहल्ला इस्माइलगंज सानी निवासी 32 वर्षीय युवक 16 जून को मुंबई से वापस आया था।
उसे मेजर एसडी सिंह मेडिकल कालेज में क्वारंटीन कर नमूना जांच को भेजा गया था। आज आई रिपोर्ट में वह कोरोना संक्रमित पाया गया है। मोहल्ला नाला मछरट्टा निवासी मिष्ठान विक्रेता युवक की मां का लखनऊ के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था।
तीन दिन पूर्व वह कोरोना संक्रमित पाई गई थीं। इसके बाद सभी परिजनों को क्वारंटीन कर दिया गया था। आज आई रिपोर्ट में मिष्ठान विक्रेता संक्रमित निकला है। गांव सहपुर निवासी युवक पिछले दिनों राजस्थान से वापस आया था। उसकी भी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
शहर के मोहल्ला गंगानगर निवासी 33 वर्षीय युवक की तबियत खराब होने पर नमूना जांच को भेजा गया था। नमूना देने के बाद वह घर पर ही चला गया था। शनिवार सुबह आई जांच रिपोर्ट में उसके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। सभी को एल-1 अस्पताल बरौन सीएचसी भेजा गया है।