प्रवासी श्रमिकों ने बढ़ाया संक्रमण का खतरा
- फोटो : amar ujala
फर्रुखाबाद में कोराना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रवासियों पर निगरानी को बनी समिति की लापरवाही से संक्रमण को बढ़ावा मिल रहा है। दिल्ली, नोएडा व जयपुर से प्रवासी सीधे घरों को पहुंचे। तीन जून को उनकी जांच कराई गई। इनमें दंपति व भाई-बहन सहित 6 प्रवासियों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
इससे जिले में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 51 हे गया। कायमगंज ब्लाक क्षेत्र के गांव शाहपुर गंगपुर निवासी युवक पत्नी के साथ नोएडा में रहकर मजदूरी करता था। दो जून को वह बस से अलीगंज पहुंचा। वहां से करीब चार किमी पैदल चला। सूचना पर पहुंचा भाई दोनों को बाइक से घर ले आया। रात में दंपति घर में रुके।
सुबह वे कंपिल स्थित केएसआर इंटर कालेज पहुंचे, वहां उन्हें क्वारंटीन कर नमूने लिए गए। शनिवार को जांच रिपोर्ट में दोनों कोरोना पॉजिटिव मिले। गांव सिवारा मुकुट निवासी 21 वर्षीय युवक परिजनों के साथ दिल्ली के सुल्तानपुरी में रहकर सब्जी बेचता था। तीन जून को वह किराये की कार से बहन, भाई, भाभी व चार बच्चों के साथ घर पहुंचा।