फर्रुखाबाद में दो युवक कोरोना पॉजिटिव निकले
- फोटो : अमर उजाला
यूपी में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। फर्रुखाबाद जिले में सोमवार को सात और मरीज बढ़ गए। फर्रुखाबाद पुलिस विभाग की मुसीबतें बढ़ती ही जा रही हैं। शहर कोतवाली की आवास विकास चौकी इंचार्ज के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
इससे अब तक शहर कोतवाली के आठ पुलिस कर्मी पॉजिटिव मिल चुके हैं। इनमें एक हेड मोहर्रिर की मौत हो चुकी है। बाकी का इलाज चल रहा है। इसके अलावा रोडवेज बस के चालक की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह फतेहगढ़ के मोहल्ला दाल मंडी में अकेले किराए के मकान में रहते हैं।
गांव बुढ़नामऊ निवासी युवक व उसकी दस वर्षीय बेटी के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इससे पहले इस परिवार के सेवानिवृत्त लाइब्रेरियन की कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है। इनका सैनिक पुत्र भी संक्रमित हो चुका है। उसका मिलेट्री हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
इसके अलावा लालगेट निवासी 40 वर्षीय युवक के कोरोना संक्रमित होने की रिपोर्ट आई है। वहीं कायमगंज के मोहल्ला बजरिया निवासी 57 वर्षीय महिला व 35 वर्षीय युवक के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। यह दोनों लोग लखनऊ में हैं। इनका वहीं नमूना लिया गया था। जनपद में अब कुल 162 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 7 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। 92 लोग को ठीक होकर घर पहुंच चुके हैं और 63 लोगों का इलाज चल रहा है।