बैंक मैनेजर समेत 37 कोरोना संक्रमित मिले
- फोटो : अमर उजाला
इटावा जिले में कोरोना का मीटर न सिर्फ तेजी से बढ़ता ही जा रहा है, बल्कि अब इसकी चपेट में हाई प्रोफाइल लोग भी आते जा रहे हैं। मंगलवार को 37 संक्रमित मिले। इसमें सीजेएम और बैंक मैनेजर भी शामिल हैं।
पुरबिया टोला में एक ही परिवार के 13 लोग भी चपेट में आए हैं। मंगलवार को सिविल लाइन में रहने वाले 50 वर्षीय न्यायिक अधिकारी, शिवपुरी शाला में रहने वाले 38 वर्षीय व्यक्ति जसवंतनगर स्थित अर्बन कोआपरेटिव बैंक में शाखा प्रबंधक कोरोना संक्रमित मिले हैं।
मंगलवार को सबसे ज्यादा 13 लोग पुरबिया टोला में संक्रमित मिले हैं। ये सभी एक ही परिवार के हैं और इनके परिवार के एक संक्रमित व्यक्ति की मौत कुछ दिन पहले हुई थी। इसके बाद परिवार में दो और पॉजिटिव मिले थे।
सभी लोगों को डॉक्टर विनोद शर्मा और जगदीश प्रसाद की टीम ने जसवंतनगर कोविड अस्पताल भेज दिया है। शहर के अन्य लोगों में महेरा चुंगी प्रकाश नगर की 28 साल की महिला गर्भवती है। गांधीनगर में 85 साल की वृद्धा संक्रमित मिली।