इटावा: सात लाख की अवैध शराब पकड़ी, दो गिरफ्तार, शराब की 96 पेटी बरामद
- फोटो : अमर उजाला
इटावा जिले में बकेवर थाना पुलिस ने हाईवे पर गश्त के दौरान पिकप में छुपाकर ले जाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब की 96 पेटी सहित दो लोगों को पकड़ा है। पकड़ी गई शराब की कीमत सात लाख के करीब है। शराब हरियाणा प्रांत से लादकर कानपुर ले जाई जा रही थी।
अवैध शराब लदी पिकप पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश सिंह ने बताया कि बुधवार की रात लखना चौकी इंचार्ज प्रशांत दुबे हमराह सिपाही नरेश गहलौत, अरुण कुमार, अंकित के साथ हाईवे पर गश्त पर थे।
इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि हाईवे पर हरियाणा से अवैध अंग्रेजी शराब पिकप में छुपाकर ले जाई जा रही है। एसआई प्रशांत दुबे ने हाईवे पर बिजोली ओवरब्रिज के पहले चेकिंग शुरू कर दी। सुबह करीब चार बजे इटावा की ओर से आ रही एक पिकप गाड़ी को रुकवाने का प्रयास किया तो चालक ने पिकप को भगा दिया।
पुलिस टीम ने गाड़ी को पकड़ लिया। पिकप के पिछले हिस्से में बने टैंक को खुलवाया तो उसमें अवैध अंग्रेजी शराब की पेटियां लदी हुई थीं। पिकप में लदी हुई शराब के कागजात पुलिस ने मांगे तो उसमें सवार लोग कोई कागजात नहीं दिखा पाए।