कानपुर देहात में शुक्रवार को आठवां प्रवासी कोरोना संक्रमित निकला। युवक गुजरात के अहमदाबाद से शिवली के क्वारंटीन सेंटर में पत्नी, बेटा व बेटी के साथ आया है। जानकारी पर पहुंचे एसडीएम व स्वास्थ्य टीम ने संक्रमित को गजनेर के कोविड अस्पताल भेजा। वहीं क्वारंटीन सेंटर को सैनिटाइज कराया गया।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के पैतृक गांव डेरापुर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत परौख के मजरा सेवारामपुर निवासी एक युवक गुजरात के अहमदाबाद से 11 मई को ट्रेन से आगरा आया था। वहां से बस के जरिये शिवली के क्वारंटीन सेंटर आया। उसके साथ पत्नी, पांच वर्षीय बेटा व 11 माह की दुधमुंही बच्ची भी है। युवक अहमदाबाद में सूट सिलाई का काम करता है।
उसके लार के स्वाब का नमूना 19 मई को जांच के लिए कानपुर मेडिकल कालेज भेजा गया था। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में उसके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। जानकारी पर एसडीएम मैथा रामशिरोमणि, जिला मुख्यालय व मैथा सीएचसी अधीक्षक डॉ. सिद्धार्थ पाठक स्वास्थ्य टीम लेकर मौके पर पहुंचे।