साढ़े चार महीने के बाद हैलट के मैटरनिटी विंग कोविड हॉस्पिटल में कोरोना की रोगी भर्ती हुई है। बाबूपुरवा की रहने वाली 55 वर्षीय महिला रोगी को सांस की तकलीफ है। उनका ऑक्सीजन लेवल चिंताजनक है। इसके साथ ही सीटी स्कैन में आंतों की सूजन मिली है। इससे टीबी या कैंसर की आशंका डॉक्टर जता रहे हैं।
रोगी को कोविड आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया है। उप प्राचार्य और मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. रिचा गिरि ने बताया कि रोगी गंभीर स्थिति में है। इसके अलावा कानपुर के 10 मोहल्लों में कोरोना के 17 नए संक्रमित और मिले हैं। 2490 कोरोना संदिग्ध लोगों की सैंपलिंग की गई है।
बाबूपुरवा की रहने वाली महिला रोगी को सोमवार को डॉ. कौस्तुभ गुप्ता के अंडर में भर्ती किया गया। उसे सांस में तकलीफ और पेट फूलने की शिकायत थी। निजी सेंटर से उसकी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद हैलट में भी उसका सैंपल कोविड जांच के लिए भेजा गया।
मंगलवार देर रात उसकी रिपोर्ट माइक्रोबायोलॉजी विभाग से भी कोविड पॉजिटिव आई। उसे बुधवार को कोविड अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। नए कोरोना पॉजिटिव सर्वोदयनगर, लालबंगला, तिलकनगर, शारदानगर, आईआईटी, सिविल लाइंस, गीतानगर, बर्रा, खुर्द, अजीतगंज में मिले हैं। पांच रोगी होम आइसोलेशन में ठीक हो गए। कोविड एक्टिव केस 64 हो गए हैं।