हरदोई जिले में सात लोगों में कोरोना की पुष्टि
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के हरदोई में शनिवार को कोरोना के सात नए पॉजिटिव केस मिलने से हड़कंप मच गया। इनमें पांच शाहाबाद और दो संडीला तहसील क्षेत्र के हैं। तीन लोग महाराष्ट्र, दो गाजियाबाद और दो गुजरात से लौटे हैं। इसके साथ जिले में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या 13 हो गई है। इनमें 11 एक्टिव केस हैं। दो लोग ठीक हो चुके हैं।
शनिवार को पॉजिटिव मिले सभी मरीजों को बावन सीएचसी में बनाए कोविड-19 के एल-1 अस्पताल में भर्ती किया गया है। 14 मई को जिला अस्पताल से 87 लोगों के नमूने कोरोना की जांच के लिए मेडिकल कालेज लखनऊ भेजे गए थे। इनमें शनिवार सुबह 80 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव और सात की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
इसकी सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य महकमा सक्रिय हो गया। शाहाबाद तहसील क्षेत्र के जो पांच लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, उनमें से दो भरखनी विकास खंड के ग्राम कमालपुर के हैं, जबकि दो शाहाबाद ब्लाक के ग्राम कुरसेली और एक कस्बे के मोहल्ला दिलावरपुर का है।