उत्तर प्रदेश के औरैया में एक महिला में कोरोना की पुष्टि
- फोटो : अमर उजाला
औरैया के अजीतमल के हालेपुर गांव निवासी पारस हास्पिटल आगरा से लौटे कोरोना संक्रमित मरीज की मां की भी जांच रिपोर्ट गुरुवार को पाजिटिव आई है। इस कोरोना संक्रमित मरीज को 100 शैया युक्त जिला अस्पताल चिचौली से तिर्वा कन्नौज भेजने की तैयारी की जा रही है।
तिर्वा कन्नौज में पारस हास्पिटल से लौटे कोरोना संक्रमित मरीज समेत उसके छोटे भाई की पत्नी, बहन व भांजा (मैनपुरी निवासी बहन का लड़का) भर्ती है। अब मां भी वहां भेजी जा रही है। तिर्वा कन्नौज में भर्ती मरीजों की संख्या अब छह पहुंच गई है। जिसमें एक तब्लीगी जमात का संपर्की औरैया निवासी व्यक्ति भी शामिल है।
इधर कानपुर सरसौल में चार तब्लीगी जमात के व तीन तब्लीगी जमात के संपर्की (औैरैया स्थानीय) कुल सात मरीज भर्ती है। औरैया में अब संक्रमित मरीजों की संख्या 13 पहुंच गई है। जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि लखनऊ से गुरुवार को आई 40 लोगों की जांच रिपोर्ट में 38 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव रही है।
एक रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आई है। जबकि एक जांच रिपोर्ट अभी नहीं आई है। कोरोना पाजिटिव रिपोर्ट में पारस हास्पिटल से मैनपुरी निवासी बहन का इलाज कराकर हालेपुर गांव लौटे संक्रमित मरीज की मां है। संक्रमित मरीज को तिर्वा कन्नौज भेजने की तैयारी की जा रही है। शाम तक यह मरीज भी तिर्वा कन्नौज में भर्ती हो जाएगी।
बता दें कि अजीतमल कोतवाली क्षेत्र का एक व्यक्ति 2 अप्रैल को अपनी मैनपुरी निवासी बहन का इलाज कराने पारस हास्पिटल आगरा गया था। वहां से अपनी बहन को डिस्चार्ज कराकर मैनपुरी में बहन को छोड़कर 5 अप्रैल को हालेपुर गांव आया था। हालेपुर गांव से वह अपनी दिबियापुर निवासी दूसरी बहन से मिलने भाई के साथ स्कूटी से 6 अप्रैल को दिबियापुर गया था।
इस मरीज को जिलाधिकारी अभिषेक ने 14 अप्रैल को चिचौली स्थित जिला अस्पताल में आईसोलेट कराया था। इसकी 17 अप्रैल को रिपोर्ट आई थी जिसमें यह संक्रमित पाया गया था। इस मरीज के संपर्क में आने पर अब तक इस मरीज के छोटे भाई की पत्नी, दिबियापुर निवासी बहन व भांजा (मैनपुरी निवासी बहन का लड़का) कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इन सबको तिर्वा कन्नौज में भर्ती कराया गया था। अब संक्रमित मरीज की मां भी तिर्वा कन्नौज में शिफ्ट की जा रही है, देर शाम तक वह भी तिर्वा में भर्ती हो जाएगी।
संक्रमित व्यक्ति के परिवार का विवरण
औरैया। पारस हास्पिटल आगरा से लौटे कोरोना संक्रमित पाए गए अजीतमल के हालेपुर गांव निवासी व्यक्ति के अलावा उसकी पत्नी (28), बच्चे पुत्री (10), पुत्र (7), मां (58), पिता (60), भाई (30), भाई की पत्नी (28), भतीजा (3), सभी निवासी हालेपुर गांव कोतवाली अजीतमल।
दिबियापुर निवासी बहन (30) व भांजा (9) व मैनपुरी निवासी बहन का पुत्र (14) है। परिवार के कुल 12 लोगों को जिला अस्पताल चिचौली में क्वारंटीन किया गया था। जिसमें छोटे भाई की पत्नी, बहन व भांजा कोरोना संक्रमित है। अब मां की भी रिपोर्ट पाजिटिव है। इस मामले में कुल तीन महिलाएं कोरोना संक्रमित हो गईं हैं।