गांव के बाहर बैठे हुए पुणे से आए युवक
- फोटो : अमर उजाला
कन्नौज के तिर्वा में पुणे से काम से लौटे पांच लोगों को ग्रामीणों ने कोरोना वायरस के डर से उन्हें गांव में नहीं घुसने दिया। पुलिस को सूचना देकर उन्हें पहले चिकित्सीय परीक्षण के लिए भिजवाया गया। मेडिकल कालेज में रिपोर्ट सामान्य आने पर उन्हें घर भेजा गया।
देश में चल रहे कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते देश में सभी जगहों पर बाजार बंद करा दी गई। बाहर रहकर काम कर रहे लोग काम बंद कर घरों को लौटने लगे। थाना ठठिया के परदौनपुर्वा गांव निवासी राजेश कुमार पुत्र श्री राम, रामपाल पुत्र मेवाराम, सत्यभान पुत्र लालाराम, विनोद कुमार पुत्र रामपाल व ललकियापुर निवासी रामकुमार पुत्र मन्नीलाल महाराष्ट्र के पुणे में रहकर बर्फ का कार्य करते है।
रविवार को सभी लोग परदौनपुर्वा पहुंचे। ग्रामीणों ने उन्हें कोरोना वायरस के डर से गांव में नहीं घुसने दिया। ग्रामीणों ने बाहर से आए लोगों को गांव के बाहर बैठा दिया और उन पर चिकित्सक परीक्षण कराने का दबाव बनाने लगे। वह जब लोग नहीं माने तो ग्रामीणों ने पुलिस बुलाकर चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा।
पुलिस के निर्देश पर महाराष्ट्र से लौटे ग्रामीणों ने मेडिकल कालेज पहुंच अपना चिकित्सक परीक्षण करवाया। यहां उनकी इंफ्रारेड थर्मामीटर समेत अन्य जांचें की गई। इसमें रिपोर्ट सामान्य पाई गई। सीएमएस डा. दिलीप सिंह ने बताया कि सभी लोग जांच में सामान्य पाए गए। इसके बाद सभी को घर भेज दिया गया।