कानपुर में कोरोना के संक्रमण के फैलाव के साथ ही गंभीर (लेवल थ्री) रोगियों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। इसके मद्देनजर सोमवार से हैलट का न्यूरो साइंसेज लेवल थ्री कोविड अस्पताल भी खोल दिया जाएगा। अभी हैलट के मैटरनिटी विंग के कोविड अस्पताल में रोगियों को भर्ती किया गया है।
साथ ही ओपीडी की व्यवस्था भी बदली जाएगी। एक दिन छोड़कर ओपीडी हो सकती है। हैलट की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ज्योति सक्सेना ने बताया कि सोमवार को प्राचार्य डॉ. आरबी कमल अस्पताल का निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही ओपीडी के संबंध में भी व्यवस्था बनाई जाएगी।
बताया कि हैलट में इस वक्त कोरोना संक्रमित 45 रोगी भर्ती हैं। इनमें से 11 की हालत गंभीर है। दो रोगियों को वेंटिलेटर पर रखा गया है और नौ बाईपेप पर हैं। कोरोना लेवल टू संक्रमण के 14 रोगियों को पहले ही हैलट से कांशीराम अस्पताल शिफ्ट किया जा चुका है। अस्पताल में इस वक्त आ रहे वृद्ध मरीजों में संक्रमण का स्तर अधिक मिल रहा है। डायबिटीज, हाईपरटेंशन, लिवर, गुर्दा, दमा या अस्थमा होने से स्थिति और नाजुक हो जाती है।
कल से हैलट की ओपीडी, सेलेक्टिव ओटी बंद
संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण हैलट की ओपीडी मंगलवार से बंद की जा रही है। इसके साथ सर्जरी विभाग में सेलेक्टिव ओटी भी बंद की जाएगी। न्यूरो साइंसेज आईसीयू सोमवार से शुरू होगा। रोगी इमरजेंसी, सेमी इमरजेंसी में देखे जाएंगे।
टेली मेडिसिन की व्यवस्था भी चालू कर दी गई है। प्राचार्य डॉ. आरबी कमल ने बताया कि हेल्प डेस्क शुरू कर दी गई है। डॉक्टरों की ड्यूटी आईसीयू और एचडीयू में लगाई जाएगी। बताया कि इमरजेंसी ओटी में ऑपरेशन होते रहेंगे। साथ ही एंबुलेंस की व्यवस्था भी दुरुस्त की जा रही है।
वकीलों, पत्रकारों, शिक्षकों, बैंककर्मियों का अलग से टीकाकरण
वकीलों, मीडियाकर्मियों, बैंककर्मियों, निजी कार्यालयों के कर्मचारियों आदि का विशेष समूह के रूप में अलग से टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने अलग से तिथि तय कर दी है। इस संबंध में सीएमओ को पत्र भेजा गया है।
मिशन निदेशक अपर्णा उपाध्याय के पत्र में 8 से 9 अप्रैल मीडियाकर्मी, 10 अप्रैल बैंक एवं बीमा कर्मचारी, 12 से 14 अप्रैल स्कूल एवं कालेज शिक्षक, 15 से 16 अप्रैल आटो रिक्शा, बस, टैक्सी ड्राइवर, फेरी वाले, निर्माण कर्मचारी के लिए तिथि तय की गई है।
इसके अलावा 17 से 19 अप्रैल फ्रंट लाइन वर्कर को छोड़कर अन्य सरकारी अधिकारी, कर्मचारी, 20 से 21 अप्रैल न्यायपालिका और वकील तथा 22-23 अप्रैल निजी कार्यालयों के कर्मचारियों के वैक्सीनेशन के लिए तिथि तय की गई है।