स्वदेशी कोरोना वैक्सीन ‘को-वैक्सीन’ का पहला चरण सफल रहा है। वैक्सीन से खूब एंटीबॉडीज बनी हैं। को-वैक्सीन के दूसरे मानव ट्रायल की आखिरी डोज सोमवार को लगाई जाएगी। आर्यनगर स्थित प्रखर अस्पताल में .5 एमएल की वैक्सीन की डोज दी जाएगी।
डोज देने के पहले पिछली डोज का असर देखने के लिए वॉलिंटियर्स का ब्लड सैंपल लेकर आईसीएमआर की लैब भेजा जाएगा। वैक्सीन की सफलता को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि नए साल में आम लोगों के लिए वैक्सीन उपलब्ध हो जाएगी।
अस्पताल के सीनियर फिजीशियन प्रो. जेेएस कुशवाहा ने बताया कि पहले ट्रायल के रिजल्ट अच्छे आए हैं। दूसरे ट्रायल का आखिरी डोज दिया जाना है। डोज देने के पहले वॉलिंटियर्स का ब्लड सैंपल लिया जाएगा। इसमें 14 दिन पहले लगाई गई डोज का असर देखा जाएगा कि कितनी एंटीबॉडीज बनी हैं।
सोमवार को डोज देने के 28 दिन बाद वॉलिंटियर्स का फिर सैंपल लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके बाद तीसरा ट्रायल शुरू होगा। इसमें एसजीपीजीआई लखनऊ, बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर भी शामिल है। तीसरे ट्रायल में बड़े पैमाने पर लोगों को वैक्सीन की डोज दी जाएगी।