पुलिस लाइन में कोविड़ वैक्सीन लगवाते एसपी केशव कुमार चौधरी।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जिले में 11 बूथ पर 1656 के सापेक्ष 1110 लोगों को वैक्सीनेशन किया गया। पुलिस लाइन में एसपी ने कोविड वैक्सीन का टीका लगवाया। जिले में 67 प्रतिशत ही वैक्सीनेशन हो सका। सबसे कम टीकाकरण झींझक, सीएचसी में हुआ।
गुरुवार को पुलिस लाइन के पांच बूथ सहित 15 बूथों पर वैक्सीनेशन किया गया। शुरुआत में पुलिस कर्मी झिझके। एसपी केके चौधरी टीकाकरण कराने पहुंचे तो पुलिस कर्मियों में उत्साह देखने को मिला। वहां 60 प्रतिशत ही टीकाकरण हुआ। 40 प्रतिशत लोग वैक्सीनेशन के लिए नहीं पहुंचे। एएसपी घनश्याम चौसरिया, सीओ संदीप सिंह, आरआई चंद्र भूषण पांडेय, डिप्टी सीएमओ डॉ. एमके जतारया, अकबरपुर सीएचसी प्रभारी डॉ. आईएच खान आदि रहे। जिले के अलग-अलग अस्पतालों में नगर पंचायत व पुलिस कर्मियों को टीका लगाया गया। शिवली में वैक्सीनेशन का जायजा लेने सीएमओ डॉ. राजेश कटियार पहुंचे।
वहीं राजपुर में चिह्नित 78 पुलिस कर्मियों में 60 ने टीकाकरण कराया। दस लोग छुट्टी पर थे, जबकि अन्य का तबादला हो चुका है। वैक्सीनेशन करने के बाद राजपुर में आरक्षी सोनिया, पूजा, मीनाक्षी रानी, गुलशन बानो, शालू, कविता सिंह ने खुशी जाहिर की। झींझक में निरीक्षण करने पहुंचे नोडल अधिकारी डॉ. शिवम तिवारी ने टीकाकरण की संख्या कम होने पर नाराजगी जताई। सीएचसी में पहला टीका नगर पंचायत कर्मी चंदन शुक्ला को लगाया गया। वहां 110 के सापेक्ष 59 कर्मियों को वैक्सीनेशन किया गया।
न मास्क लगाया न सामाजिक दूरी का पालन
कानपुर देहात। गुरुवार को एक तरफ पुलिस कर्मियों व नगर पंचायत कर्मियों का टीकाकरण किया जा रहा था। दूसरी तरफ काउंसलिंग कराने अकबरपुर के बीआरसी पहुंचे शिक्षकों ने कोविड नियमों का ताक पर रख दिया। वहां न कोई मास्क लगाए मिला। न ही सामाजिक दूरी का पालन किया जा रहा था।