कानपुर। कोरोना के चार और रोगियों की मौत हो गई। इनमें एक 66 वर्षीय महिला और एक साढ़े तीन महीने का बच्चा भी शामिल है। फेथफुलगंज की रहने वाली महिला समेत तीन रोगियों की मौत हैलट और मासूम की मौत संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान लखनऊ में हुई है। कोरोना से मरने वाले रोगियों की संख्या अब 50 हो गई है। वहीं कुल संक्रमित 1128 हो गए हैं। इनमें 745 रोगी ठीक हो चुके हैं। एक्टिव केस 334 हैं। वहीं रविवार को 29 नए रोगियों में कोरोना की पुष्टि हुई है, जिनमें दो की मौत हो चुकी है। इनमें राजकीय बालिका गृह और बालिका बाल गृह की नौ अंत:वासी शामिल हैं।
66 वर्षीय महिला को शनिवार शाम सात बजे हैलट में भर्ती किया गया था। रोगी को हाईपरटेंशन के साथ सांस फूलने की शिकायत थी। कोरोना संक्रमण के बाद सांस तंत्र और खराब हो गया। वे एक्यूट रेस्पेरेटरी डिस्ट्रेट सिंड्रोम की स्थिति में चली गईं और सांस तंत्र फेल हो गया। रविवार को उनकी मौत हो गई। इसी तरह बाबूपुरवा के साढ़े तीन साल के बच्चे को सांस की तकलीफ रही। उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव थी। परिजन उसका इलाज लखनऊ में करा रहे थे। उसकी भी रविवार को मौत हो गई। इसके अलावा गुजैनी के रहने वाले 46 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई है। उसे दो दिन से बुखार और सांस लेने में दिक्कत थी।
रविवार को हैलट में भर्ती कराया गया था। उनके घरवालों को क्वॉरंटीन कराया गया है। इसी तरह फेथफुगगंज के 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई है। उसे 27 जून को हैलट में भर्ती किया गया था। सांस लेने में तकलीफ थी। इन दोनों की पॉजिटिव रिपोर्ट मौत केे बाद आई है। इसके अलावा राजकीय बालिका गृह की 16 वर्षीय, 15 वर्षीय, 17 वर्षीय, 12 वर्षीय, 16 वर्षीय और 12 वर्षीय तथा बालिका बाल गृह स्वरूपनगर की 16 वर्षीय, दो 17 वर्षीय अंत:वासी पॉजिटिव आई हैं। ये केडीए के फ्लैट में क्वॉरंटीन थीं। दोबारा जांच में इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा निजी लैब से स्वराज नगर पनकी के 42 साल के व्यक्ति, पशुपतिनगर नौबस्ता के 50 साल के व्यक्ति, ओल्ड मैस हैलट कैंपस की 62 साल की वृद्धा, पटकापुर के 74 साल के बुजुर्ग, शहर की 53 साल की महिला, आचार्यनगर की 32 साल की युवती, जवाहर नगर के 30 साल के युवक और कछियाना मोहाल के 41 साल के व्यक्ति में कोरोना की पुष्टि हुई है।
देर रात आई सूची में परमट का 30 साल का युवक, केपीएम की 48 साल की महिला, बर्रा की 66 साल की वृद्धा, गांधीनगर की 30 साल की युवती, चौकी का 20 साल का युवक, बेनाझाबर की 37 साल की महिला, दर्शनपुरवा की 32 साल की युवती, कैलाश मंदिर का 71 साल का वृद्ध, आवास-विकास-3 का 23 साल का युवक, हरि पुरवा का 19 साल का युवक संक्रमित पाया गया है।