कानपुर। जुमा पर कोरोना के खात्मे और मस्जिदों के फिर से आबाद होने की अल्लाहताला से दुआ मांगी गई। मस्जिदों मेें पेश इमाम और मोअज्जिन को मिलाकर चार-पांच लोगों ने जुमा की नमाज अदा की। और बाकी लोगों ने घरों मेें जोहर की नमाज पढ़ी। अक्सां जामा मस्जिद गद्दियाना के पेश इमाम जुमा मौलाना मो. हाशिम अशरफी ने मस्जिद से माइक पर दुआ मांगी और मुस्लिम समाज के लोगों ने अपने घरों से आमीन कहा।
कहा गया कि अपने गुनाहों की माफी मांगते रहें। पता नहीं किस गलती से सारी दुनिया पर इतना बड़ा अजाब नाजिल हो गया है। उलमा ने लोगों से इस मुश्किल घड़ी में अपने अंदर इंसानियत लाने की अपील की। कहा कि एक-दूसरे की मदद करें। जिनके पास पैसा है, वे ध्यान रखें कि कोई आसपास भूखा न सोए। और जिन बच्चों के घर वाले स्कूल की फीस नहीं दे पा रहे हैं, उनकी फीस अदा कर दें। गरीबों के बच्चों को पढ़ाने की जिम्मेदारी लें।