उत्तर प्रदेश के कानपुर में लेवल थ्री की स्टेज पर पहुंचने वाले कोरोना रोगियों के फेफड़े बहुत तेजी से खराब हो रहे हैं। फेफड़े सिकुड़ रहे हैं। इससे रोगी तेजी से एक्यूट रेसपेरेटरी डिस्ट्रेस सिंड्रोम में चला जाता है। न्यूरो साइंसेस कोविड अस्पताल में भर्ती रोगियों की एक्सरे रिपोर्ट से यह स्थिति सामने आई है।
हालात को देखते हुए शुक्रवार को यहां 10 छोटे वेंटीलेटर और लगा दिए गए हैं। हैलट के न्यूरोसाइंसेस कोविड अस्पताल में लेवल थ्री स्टेज वाले 60 रोगी भर्ती हैं। यहां तीसरे तल पर बना आईसीयू फुल हो गया है। डाक्टरों का कहना है कि कोविड वायरस लेवल थ्री स्टेज में आने पर अधिक आक्रामक हो जा रहा है।
यही स्थिति अमेरिका और इटली में रही है। कोविड हॉस्पिटल के सुपरिटेंडेंट प्रोफेसर जीडी यादव की ओर से पैरा मेडिकल स्टाफ को निर्देश जारी किया गया है कि अगर रोगी की हालत बिगड़े तो उसे मैनेज करने के बाद फौरन तीमारदारों को फोन करके इसकी जानकारी दे दी जाए। शाम चार से छह बजे के बीच तीमारदारों से बातचीत के लिए समय रखा गया है। रोगी के तीमारदारों केे नाम का एनाउंसमेंट भी होगा।